गाजियाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से मुंबई के लिए हवाई सेवा सोमवार से शुरू हो गई। इसके साथ ही अब बेंगलुरु के यात्रियों को दूसरी फ्लाइट की सुविधा भी मिल गई है। मार्च में हवाई सेवा का और विस्तार होने जा रहा है—22 मार्च से चेन्नई और 23 मार्च से जम्मू के लिए उड़ान शुरू होगी।
पहली फ्लाइट समय से पहले पहुंची
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मुंबई के लिए हवाई सेवा शुरू की। पहले दिन 180 सीटों वाले विमान में 161 यात्री मुंबई से हिंडन पहुंचे। यह फ्लाइट सुबह 9:30 बजे मुंबई से रवाना हुई और 12:10 बजे पहुंचने का समय था, लेकिन 40 मिनट पहले ही हिंडन पहुंच गई। हिंडन से दोपहर 1:22 बजे विमान ने 161 यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए उड़ान भरी।
बेंगलुरु की फ्लाइट भी सुबह 7:27 बजे हिंडन उतरी, जिसमें 155 यात्री थे। यहां से 8:40 बजे 176 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। अब हिंडन एयरपोर्ट से कुल 11 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं और रोजाना 1,000 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं।
यात्रियों को हो रही सुविधा
मुंबई फ्लाइट से गाजियाबाद, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम के यात्री हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे। मेरठ के गौरव गोयल ने कहा, "गाजियाबाद में एयरपोर्ट होने से समय और पैसों की बचत हो रही है।" अलीगढ़ के मनीष वर्मा ने बताया, "फ्लाइट बुकिंग के दौरान हिंडन का विकल्प देखकर खुशी हुई।"
ग्रेटर नोएडा की अनु तिवारी ने कहा, "मुंबई से दिल्ली उतरने के बाद गाजियाबाद पहुंचने में बहुत समय लगता था, अब यात्रा आसान हो गई है।"
ट्रैफिक में फंसे तीन भाइयों की फ्लाइट छूटी
मुंबई के लिए दोपहर 1 बजे फ्लाइट थी, लेकिन हाईवे पर ट्रैफिक जाम के कारण कई यात्री आखिरी समय पर एयरपोर्ट पहुंचे। फरीदाबाद से आ रहे तीन भाई—सोनी, एजाज और मोइन—समय पर नहीं पहुंच सके और उनकी फ्लाइट छूट गई। वे अपनी बीमार बहन से मिलने मुंबई जा रहे थे।
गूगल मैप बना परेशानी का कारण
हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने के लिए गूगल मैप का सहारा लेने वाले यात्री गलत दिशा में पहुंच रहे हैं। मैप एयरपोर्ट की बजाय डिफेंस कॉलोनी की ओर ले जा रहा है। एयरपोर्ट निदेशक उमेश यादव ने बताया कि गूगल प्रबंधन को इस त्रुटि की जानकारी दी जा रही है ताकि जल्द सुधार किया जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें