मुंबई, एजेंसी। कोरोना वायरस (Coronavirus) की वजह से देश में आज ही लॉकडाउन बढ़ाया गया है लेकिन मुंबई में लॉकडाउन का भारी उल्लंघन सामने आया है। लोग सड़कों पर उतर आए हैं। बांद्रा स्टेशन पर सैकड़ों मजदूर स्टेशन पर जमा हो गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। ये मजदूर अपने-अपने राज्य में वापस जाना चाहते हैं। मजदूरों के हटाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भीड़ कम हो गई है। लोगों में अनिश्चितता है कि लॉकडाउन कब तक चलेगा ऐसे में लोग घबरा गए हैं। स्थानीय नेताओं का कहना है कि लोगों को समझाया जा रहा है कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी और हर संभव मदद की जाएगी।
ऐसे में महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इन मजदूरों के खाने का इंतजाम करेगी।हम मजदूरों को समझा रहे हैं कि उनकी परिस्थितियों को सुधारने की पूरी कोशिश करेंगे।
आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार पर फोड़ा ठीकरा
महाराष्ट्र में उत्पन्न हुई स्थिति को लेकर शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में 6 लाख लोग शेल्टर्स में रह रहे हैं। केंद्र सरकार के सामने मामला रखा गया था कि इन लोगों को घरों तक पहुंचने की कोशिश की जाए। उनके पास खाना नहीं है और वे घर जाना चाहते हैं। बांद्रा में इकट्ठा हुए लोग अब चले गए हैं लेकिन यह स्थिति इसलिए हैं क्योंकि केंद्र सरकार ने बात नहीं सुनी।
महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित
बता दें महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को 121 नए मामले सामने आए। राज्य में मरीजों की संख्या 2455 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 121 मामलों में से मुंबई से 92, नवी मुंबई से 13, ठाणे से 10 और वसई-विरार (पालघर जिले में) से 5 और एक रायगढ़ से है। उधर, मुंबई के धारावी में आज दो और मौतें हुईं। इसके साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 162 तक पहुंच गया है।
जब दिल्ली में लॉकडाउन की सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई थी
बता दें कि इससे पहले एेसी ही स्थिति दिल्ली में बनीं थी जब लॉकडाउन की घोषणा हुई थी तो भारी संख्या में मजदूर घर जाने के लिए निकले थे। देशव्यापी लॉकडाउन को तोड़ते हुए आनंद विहार बस अड्डे पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था। बस अड्डे से जिधर नजर जा रही उधर लोगों का सिर्फ हूजूम ही नजर आ रहा था। लॉकडाउन की सारी व्यवस्थाएं यहां पूरी तरह से चरमरा गई थी।
लॉकडाउन के बाद चारों ओर हुए सन्नाटे को लोगों की भीड़ ने कोलाहल में तब्दील कर दिया था। हर कोई भाग रहा था। जिधर से अमुक इलाके में जाने वाली बस जाने की सूचना आ रही उधर ही लोग भागे जा रहे थे। बाद में गृहमंत्रालय के सख्त होने पर स्थिति काबू में आई थी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें